एसएसबी ने नेपाल निर्मित शराब की खेप के साथ एक तस्कर को किया गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

– मधुबनी जिले के जयनगर से लगने वाली भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के सी समवाय मुख्यालय, पिपरौन द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 180 लीटर नेपाल निर्मित देशी शराब बरामद की गई तथा एक भारतीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों के मंसूबों पर करारा प्रहार हुआ है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हरलाखी थाना द्वारा की जा रही है।
आज प्रातः तड़के समवाय पिपरौन के आसूचना तंत्र से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ तस्कर सीमा स्तंभ संख्या 284/19 के रास्ते नेपाल से भारत में बड़ी मात्रा में नेपाल निर्मित शराब की खेप लाने वाले हैं। सूचना मिलते ही समवाय प्रभारी के निर्देश पर एक विशेष नाका पार्टी का गठन कर संदिग्ध मार्ग पर तैनात किया गया।
लगभग 06:45 बजे नाका पार्टी ने देखा कि कुछ पुरुष एवं महिलाएं अपने सिर पर बोरियां लेकर नेपाल से भारत की ओर आ रहे हैं। सुरक्षा बलों को देखकर सभी तस्कर घबराकर बोरी फेंककर नेपाल की ओर भागने लगे। नाका पार्टी ने तत्परता एवं साहस का परिचय देते हुए एक तस्कर को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि अन्य तस्कर अंतरराष्ट्रीय सीमा एवं भौगोलिक परिस्थितियों का लाभ उठाकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।
तस्कर द्वारा मौके पर छोड़ी गई 05 बोरियों की तलाशी लेने पर उसमें से 600 बोतल नेपाल निर्मित देशी शराब, प्रत्येक 300 मिलीलीटर, कुल 180 लीटर बरामद हुई। इसके अतिरिक्त गिरफ्तार तस्कर के कब्जे से एक ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि वह नेपाल से शराब लाकर भारत में पहुंचाने का कार्य करता है। गिरफ्तार व्यक्ति का पता गांव मधुबनी टोला, पोस्ट सोथगांव, थाना हरलाखी, जिला मधुबनी, बिहार के रुप मे किया गया है। बरामद शराब, मोबाइल फोन एवं गिरफ्तार तस्कर को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अग्रिम कार्रवाई हेतु हरलाखी थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
इस सफल कार्वाई को लेकर कमांडेंट राजेन्द्र कुमार 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकना सशस्त्र सीमा बल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सीमा क्षेत्र में आसूचना आधारित अभियान, नियमित गश्त तथा विशेष नाका लगाकर तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा रहा है। बिहार पुलिस एवं अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर भविष्य में भी ऐसे अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेंगे तथा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: