रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के जयनगर नगर मुख्यालय मे गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कमला बांध साईं नगर के श्री शनि साईं धाम मंदिर में बुधवार को श्रद्धा, आस्था और उमंग से भरा कार्यक्रम संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर को रंग- बिरंगे फूलमाला और रोशनी से सजाया गया और साईं बाबा, शनिदेव व नंदी महाराज की भव्य झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केन्द्र बनी रही। वही मंदिर के पुजारी विमल मिश्रा एवं पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजा- अर्चना कर आगे महाआरती का आयोजन किया। आरती के बाद बैंड- बाजे, ढोल-नगाड़ों व शंखध्वनि के साथ सुसज्जित रथ तथा साईं बाबा की पालकी को लेकर भव्य शोभायात्रा पूरे शहर जयनगर में निकाली गई, तत्पश्चात नगर भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर में आकर यात्रा समाप्त हुई। भारी संख्या में जुटे साईं भक्त और श्रद्धालु हाथों में ध्वज लेकर “ॐ साईं राम”, “जय श्री राम” व “जय शनिदेव” के जयघोष करते हुए झूमते व नाचते दिखाई दिए। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह‑ जगह पालकी की पूजा-अर्चना की और पुष्पवर्षा कर बाबा का स्वागत किया। पालकी उठाने के लिए लोगों में विशेष उत्साह देखा गया और कई भक्त पारंपरिक अंदाज में पालकी के ऊपर फूल- मालाएँ चढ़ाते व आशीर्वाद लेते नजर आए। शोभायात्रा के दौरान महिलाओं- पुरुषों और युवा‑ बुजुर्गों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भक्तिमय व भव्य बना दिया। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान संगीतमय साईं कथा का भी आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने साईं बाबा, भगवान शनिदेव व नंदी महाराज की महिमा तथा उनकी कृपा के उदाहरण लोगों को सुनाए और कथावाचकों ने श्रद्धालुओं से सर्वसमाज के प्रति सद्भाव बनाए रखने, माता‑ पिता व गुरुजनों की सेवा करने तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुरु अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का मार्ग दिखाते हैं और श्रीराम के आदर्शों का अनुसरण ही वास्तविक धर्म है। शाम के समय विशाल महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु भक्त भाग लेंगे। कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन विश्व शांति, समाज में प्रेम, भाईचारा व समस्त मानवता के कल्याण की कामना के उद्देश्य से किया जाता है। पुजारी विमल मिश्रा, राजेश गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, अशोक गुप्ता, मदन गुप्ता समेत अनेक समाजसेवियों व स्थानीय लोगो ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाया।




