भारत-नेपाल सीमा का शैक्षणिक भ्रमण कर एनसीसी कैडेट्स ने जाना सीमा सुरक्षा का महत्व!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), वीरपुर ने 04 बिहार गर्ल्स एनसीसी बटालियन, सहरसा की 27 कैडेट्स के लिए भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया। इस दौरान कैडेट्स को सीमा सुरक्षा व्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मार्ग तथा सुरक्षा एजेंसियों के समन्वित कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
भीमनगर स्थित एसएसबी चेक पोस्ट पर आयोजित इस भ्रमण में कैडेट्स को भारत-नेपाल ट्रेड ट्रांजिट रूट की कार्यप्रणाली, सीमा पर तैनात विभिन्न सुरक्षा एवं समन्वय एजेंसियों की जिम्मेदारियों तथा सीमा प्रबंधन की व्यवस्था से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर 45वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट जितेन्द्र कुमार ने कैडेट्स को सशस्त्र सीमा बल की भूमिका, राष्ट्रीय सुरक्षा में उसके योगदान तथा सीमा प्रबंधन की चुनौतियों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा केवल सुरक्षा बलों का ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है।
भ्रमण के दौरान कैडेट्स ने चेक पोस्ट पर स्थापित एक्स-रे बैगेज स्कैनर सहित अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली को भी नजदीक से देखा और समझा। इससे उन्हें अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी मिली।
एसएसबी अधिकारियों ने कैडेट्स को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही सुरक्षा बलों में उपलब्ध विभिन्न कैरियर अवसरों की जानकारी देकर उन्हें देश सेवा के लिए आगे आने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में 04 बिहार गर्ल्स एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल वी. रवि शंकर, तीन जेसीओ, चार एनसीओ, दो जीसीआई सहित 27 गर्ल्स कैडेट्स तथा एसएसबी के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। शैक्षणिक भ्रमण सौहार्दपूर्ण, अनुशासित और ज्ञानवर्धक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Join us on: