महिला को गर्भवती करने’ के नाम पर ₹8 लाख का झांसा, युवक से 27 हजार की साइबर ठगी!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी

सोशल मीडिया पर आसान कमाई का लालच देकर साइबर ठग लोगों को नए-नए तरीकों से अपना शिकार बना रहे हैं। मामला मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के सहबाजपुर का है, जहां एक युवक को ‘महिला को गर्भवती करने’ के बदले 8 लाख मिलने का झांसा देकर ठगों ने 27 हजार की साइबर ठगी कर ली। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

फेसबुक पोस्ट देखकर फंसा युवक

पीड़ित संजीव सहनी ने बताया कि कुछ दिन पहले फेसबुक स्क्रॉल करते समय उसे एक पोस्ट दिखाई दी, जिसमें महिला को गर्भवती करने के बदले 8 लाख देने का दावा किया गया था। पोस्ट में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति ने भरोसा दिलाया कि काम पूरा होने के बाद पूरी राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।

कॉन्ट्रैक्ट और रजिस्ट्रेशन के नाम पर वसूले पैसे

आरोप है कि ठगों ने कॉन्ट्रैक्ट तैयार करने, रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाकर तीन किश्तों में कुल 27 हजार ऑनलाइन जमा करा लिए। रुपये लेने के बाद भी कोई कॉन्ट्रैक्ट नहीं भेजा गया। उल्टे आरोपित लगातार और पैसे मांगने लगे। शक होने पर युवक ने दोबारा संपर्क किया, लेकिन ठगों ने फोन उठाना बंद कर दिया।तब युवक को ठगी का अहसास हुआ।पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए कहा कि वह आसान कमाई के प्रलोभन में साइबर ठगों के जाल में फस गया।

पुलिस और साइबर सेल जांच में जुटी

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल संबंधित मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच कर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।

लोगों से पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले आसान कमाई, नौकरी या अन्य आकर्षक ऑफरों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन पैसे भेजने से पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल जरूर करें।

Join us on: