:- रवि शंकर अमित!
लखीसराय के विकास की दिशा में आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में लखीसराय जल परियोजना के लिए लगभग ₹150 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। यह परियोजना शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा नागरिकों को शुद्ध एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उल्लेखनीय है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की परिकल्पना एवं इसे स्वीकृति दिलाने के लिए बिहार सरकार के कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने निरंतर प्रयास किए। उनके सतत प्रयासों, दूरदर्शी सोच एवं विकास के प्रति प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप आज इस परियोजना को बिहार कैबिनेट की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
विशेष उल्लेखनीय है कि तत्कालीन नगर विकास एवं आवास मंत्री के रूप में श्री विजय कुमार सिन्हा ने अटल शहरी नवीकरण एवं शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत 2.0) के अंतर्गत इस जलापूर्ति परियोजना सहित लखीसराय से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की थी। आज उसी दूरदर्शी पहल का परिणाम है कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को क्रियान्वयन की दिशा में नई गति मिली है।
इस योजना के क्रियान्वयन से लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा। इससे वर्षों से चली आ रही जलापूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान में सहायता मिलेगी तथा हजारों परिवारों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर श्री विजय कुमार सिन्हा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लखीसराय का समग्र विकास सदैव उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक शहरी आधारभूत संरचना के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी एवं नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री नीतीश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय लखीसराय के नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। यह परियोजना न केवल शहर की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करेगी, बल्कि लखीसराय के समग्र विकास को भी नई गति प्रदान करेगी।
सादर,
अजय कुशवाहा
भाजपा मीडिया प्रभारी, लखीसराय।



