रिपोर्ट – अमित कुमार!
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर पटना जिला प्रशासन ने आम लोगों के लिए जरूरी सूचना जारी की है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद बाहरी प्रचारकों को निर्वाचन क्षेत्र से बाहर जाना होगा। मतदान समाप्ति के 48 घंटे पहले से किसी भी तरह की सभा, रैली और जुलूस पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। मतदान की तिथि के लिए हर अभ्यर्थी को सिर्फ 3 वाहनों की अनुमति दी गई है। साथ ही मतदान समाप्ति से 48 घंटे पहले सभी राजनीतिक प्रचारक और कार्यकर्ता, जो इस विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, उन्हें बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से बाहर जाना अनिवार्य होगा। मतदाता बूथों पर लाइन लगवाने के लिए होमगार्ड की तैनाती की जाएगी और बूथ, गली तथा मोहल्लों में पुलिस बल की व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाएगा। वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया है और ट्रैफिक व्यवस्था को भी चुनाव के हिसाब से संचालित किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सभी नियमों का पालन करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।



