रिपोर्ट- ऋषभ कुमार!
हाजीपुर । महिला नेतृत्व वाली सामाजिक संस्था इजाद द्वारा संचालित गर्ल्स टेक्नो सेंटर के तत्वावधान में पासवान चौक पर स्थित निजी होटल में “किशोरियों द्वारा सामाजिक मुद्दों एवं तकनीकी सीख आदान-प्रदान सह प्रमाण-पत्र वितरण समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सत्र 2025-26 की 60 सफल किशोरियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की सचिव अरदरी बेगम ने किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि किशोरियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक परिवर्तन की सोच विकसित करने का सशक्त साधन है। उन्होंने संस्था की उपलब्धियों और समुदाय में आए सकारात्मक बदलावों पर भी प्रकाश डाला।
वन स्टॉप सेंटर के काउंसलर कार्तिक कुमार एवं कार्यक्रम समन्वयक नुसरत जहां ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य किशोरियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाकर उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है, ताकि वे पारंपरिक बाधाओं को तोड़ते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।
समारोह में वैशाली जिले के विभिन्न पंचायतों से आई किशोरियों ने पिछले 9 महीनों में सीखी गई डिजिटल साक्षरता, ऑनलाइन सुरक्षा, मोबाइल का सकारात्मक उपयोग, नेतृत्व विकास तथा बाल विवाह, शिक्षा, स्वास्थ्य और लैंगिक समानता जैसे सामाजिक मुद्दों पर अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का मंच संचालन अनुप्रिया एवं अमनानंदिनी ने किया। इस दौरान अदिति कुमारी, नेहा कुमारी, कुमारी भारती, राजश्री सहित झारखंड से आई ताज्या फैज और फीजा फैज ने भी अपने विचार रखे और किशोरियों को नेतृत्व, डिजिटल सशक्तिकरण एवं सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
किशोरियों ने डिजिटल शिक्षा, सामाजिक मुद्दों, नेतृत्व, बाल विवाह उन्मूलन और लैंगिक समानता पर आधारित नुक्कड़ नाटक की प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की।
समारोह के अंत में संस्था की फील्ड मोबिलाइजर रीमा कुमारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और किशोरियों के नेतृत्व विकास एवं सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
संस्था इजाद का उद्देश्य बिहार की किशोरियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना है, ताकि “सामाजिक बदलाव से बनेगी हमारी नई पहचान” का संकल्प साकार हो सके।




