जमुई जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी के ठिकानों पर EOU की रेड!

SHARE:

रिपोर्ट – कुमार हर्ष!

जमुई जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी के आवास पर EOU की बड़ी कार्रवाई; अहले सुबह भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम

जमुई। जिला मुख्यालय और आसपास के प्रशासनिक गलियारों में मंगलवार की सुबह-सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने जमुई जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी के आवास पर अचानक जोरदार दबिश दी। मंगलवार की अहले सुबह से ही चल रही इस छापेमारी के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई की टीम पूरे लावलश्कर और कड़े सुरक्षा इंतजामों के साथ तड़के ही जिला परिषद अध्यक्ष के ठिकाने पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने आवास में प्रवेश करते ही मुख्य द्वार को बंद कर दिया और जांच पड़ताल शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के लोगों और स्थानीय राजनीति में सनसनी फैल गई है।

आय से अधिक संपत्ति का मामला?

सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं और संभावित रूप से आय से अधिक संपत्ति के मामले से जोड़कर देखी जा रही है। EOU के अधिकारी आवास के भीतर मौजूद तमाम कागजातों, संपत्तियों के दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी फाइलों को खंगालने में जुटे हैं। हालांकि, अभी तक टीम के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर जब्ती या जांच के बिंदुओं को लेकर कोई स्पष्ट बयान जारी नहीं किया है।
जमुई की राजनीति में दुलारी देवी और उनका परिवार एक रसूखदार नाम माना जाता है। दुलारी देवी के पति, प्रसिद्ध समाजसेवी गुड्डू यादव, इलाके में अपनी गहरी राजनीतिक पकड़ रखते हैं। समाजसेवी गुड्डू यादव पूर्व में बिहार विधान परिषद (MLC) का चुनाव भी लड़ चुके हैं।स्थानीय राजनीति में इस बड़े परिवार पर EOU के इस कड़े शिकंजे के बाद जिला परिषद के सदस्यों और राजनीतिक प्रतिद्वंदियों के बीच हलचल काफी बढ़ गई है। फिलहाल EOU की छापेमारी जारी है और हर किसी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस गहन जांच के बाद EOU की ओर से क्या आधिकारिक खुलासा किया जाता है।

Join us on: