आरा/आशुतोष पाण्डेय
भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के नागरांव गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। चार दिनों से लापता 40 वर्षीय युवक संतोष साह का शव नहर से बरामद होने के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान नागरांव गांव निवासी स्वर्गीय रामअसरे साह उर्फ मगही साह के पुत्र संतोष साह (40 वर्ष) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, संतोष साह बीते शुक्रवार से लापता थे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। परिजन और ग्रामीण लगातार उनकी खोजबीन में जुटे हुए थे। इसी बीच सोमवार को नहर में एक शव दिखाई देने की सूचना ग्रामीणों को मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी चरपोखरी थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चरपोखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नहर में डूबने से युवक की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
मृतक अपने पीछे पत्नी पिंकी देवी, पुत्र गोलू कुमार उर्फ रोहित कुमार (25 वर्ष) तथा दो पुत्रियां प्रिया कुमारी (24 वर्ष) और रिया कुमारी (22 वर्ष) को छोड़ गए हैं।
घटना की खबर मिलते ही नागरांव गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, युवक की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।




