रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के कलुआही मुख्य मार्ग स्थित एनएच-527 बी दरभंगा जयनगर पर रविवार की दोपहर हुए सड़क हादसे में एक सब्जी दुकानदार की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान कलिकापुर कचहरी टोल वार्ड नंबर-2 के रामेश्वर साह के 53 वर्षीय पुत्र मोहन साह के रूप में हुई है। मोहन साह बर्देपुर के गणेश चौक पर सब्जी की दुकान चलाते थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार की दोपहर मोहन साह साइकिल से जयनगर की ओर से कलुआही की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गणेश चौक के समीप एनएच-105 पर पीछे से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मोहन साह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक सवार को भी चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कलुआही थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कलुआही थानाध्यक्ष पायल भारती पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल मोहन साह को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कलुआही पहुंचाया।
पीएचसी में चिकित्सकों ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मधुबनी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें लेकर मधुबनी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही मोहन साह ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कलुआही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
इधर, घटना के बाद पुलिस ने बाइक सवार औंसी गोट वार्ड नंबर-12 निवासी मोहम्मद अरशद अहमद (22) और वार्ड नंबर-11 निवासी मोहम्मद फैसल (23) को अपने कब्जे में ले लिया। दोनों बाइक सवारों को आगे की कार्रवाई के लिए मधुबनी यातायात पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों और बाइक की गति सहित अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है।




