सुपौल- रंगदारी नहीं देने के कारण युवक पर जानलेवा हमला, डेढ़ लाख रुपये और सोने के जेवरात लूटने का आरोप!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

रंगदारी नहीं देने पर वारदात को अंजाम देने का आरोप, छह नामजद के खिलाफ सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज

सुपौल :- सदर थाना क्षेत्र के परसरमा – जगतपुर पथ के सिमरा चौक के निकट दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमला कर नकदी और सोने के जेवरात लूट लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पीड़ित के पिता शशि कुमार सिंह, निवासी बरैल वार्ड संख्या-02 ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में कांड संख्या 479/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, 24 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे उनका पुत्र नितेश कुमार सिंह परसरमा से दुकान की पगड़ी (एडवांस) के ₹1.50 लाख लेकर मोटरसाइकिल से घर बरैल लौट रहा था। उसी दरम्यान आरोप है कि सिमरा चौक से पश्चिम मुशहरी के पास पहले से घात लगाए बैठे छह युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल रोक ली।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी शिवम कुमार सिंह ने उसके कनपटी पर हथियार सटाकर पहले की कथित रंगदारी की मांग का जिक्र किया और जान से मारने तथा अपहरण की धमकी दी। इसके बाद हथियार की बट से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं अन्य आरोपियों ने लोहे की रॉड, लाठी और डंडे से मारपीट कर उसे अधमरा कर दिया।
प्राथमिकी के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपियों ने मोटरसाइकिल की डिक्की से ₹1.50 लाख नकद निकाल लिया। साथ ही गले से करीब ₹1.20 लाख मूल्य की सोने की चेन और उंगली से करीब ₹40 हजार की सोने की अंगूठी भी छीन ली। घायल युवक के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि आरोपी हथियार लहराते हुए सभी को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
घटना के बाद परिजनों ने घायल नितेश कुमार सिंह को सदर अस्पताल, सुपौल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। आवेदन के साथ इलाज से संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि नामजद आरोपी पूर्व से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उन पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी सदर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं, जिसके कारण इलाके में उनका आतंक बना हुआ है और लोग उनके खिलाफ बोलने से डरते हैं।
सदर थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घायल युवक का चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Join us on:

और पढ़ें