मधुबनी में छात्रो ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला किया दहन!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी, मिथिला स्टूडेंट यूनियन (एम एस यू) के नेतृत्व में मधुबनी रेलवे स्टेशन के सामने भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर किए गए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र और छात्र अधिकारों पर सीधा हमला बताया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि देश के छात्र आज अपनी मेहनत, भविष्य और अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार उन्हें लाठियों से कुचलने का प्रयास कर रही है। यह एक लोकतांत्रिक देश में अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय कृत है।
संगठन ने कहा कि नीट (NEET) पेपर लीक, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं, परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार तथा छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ ने देश के युवाओं का विश्वास पूरी तरह डगमगा दिया है। लाखों छात्र वर्षों की कठिन मेहनत के बाद भी भ्रष्ट व्यवस्था के कारण न्याय से वंचित हो रहे हैं।
मिथिला स्टूडेंट यूनियन ने विशेष रूप से मिथिला की ध्वस्त शिक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस क्षेत्र के सरकारी विद्यालय, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय वर्षों से उपेक्षा का शिकार हैं। शिक्षकों की भारी कमी, जर्जर शैक्षणिक ढांचा, प्रयोगशालाओं और पुस्तकालयों का अभाव, नियमित शैक्षणिक सत्रों में बाधा तथा रोजगारोन्मुख शिक्षा की कमी ने मिथिला के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को अंधकारमय बना दिया है।
संगठन ने केंद्र सरकार से मांग की कि जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज के दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, परीक्षा प्रणाली को पूर्णतः पारदर्शी बनाया जाए, नीट पेपर लीक सहित सभी परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिया जाए, मिथिला की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष पैकेज और ठोस कार्ययोजना लागू की जाए।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की आवाज़ को इसी प्रकार दबाया जाता रहा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो मिथिला स्टूडेंट यूनियन पूरे मिथिला क्षेत्र में व्यापक एवं चरणबद्ध आंदोलन छेड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
इस अवसर पर मयंक विश्वास, शशि अजय झा, विजय श्री टुन्ना, राजन झा,चंदन सिंह,आशीष झा चुन्नू, चंद्रवीर ठाकुर, अरविन्द, दीपक जी, रौशन जी,दीपक झा,प्रवेश झा,सहित मिथिला स्टूडेंट यूनियन के दर्जनो कार्यकर्ता एवं छात्र-युवा उपस्थित थें।

Join us on: