आरा/आशुतोष पाण्डेय
भोजपुर के मॉडल सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने बुधवार को अस्पताल परिसर में नवस्थापित आईसीयू (ICU) बेड का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेते हुए कहा कि गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। आईसीयू सुविधा शुरू होने से अब गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बेहतर निगरानी और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे उन्हें दूसरे शहरों में रेफर करने की आवश्यकता भी कम होगी।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन, उपाधीक्षक (डीएस), अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि आईसीयू को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित किया गया है तथा प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में मरीजों का उपचार किया जाएगा।
उद्घाटन के दौरान जिला पदाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल की साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। उद्घाटन के बाद मौजूद अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने इस पहल को जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।




