रिपोर्ट – सुमित कुमार!
मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र स्थित मधुबन दरियापुर के पहाड़ों और मनोरम वादियों के बीच बसे प्रसिद्ध दामनकोल झरना में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने और झरने का आनंद लेने पहुंचे 18 वर्षीय युवक की सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसलने से गहरे कुंड में डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान तारापुर थाना क्षेत्र के सोनडीहा राजगुरु नवटोलिया निवासी करण कुमार (18) के रूप में हुई है। उसके दोस्त सौरभ कुमार ने बताया कि करण अपने सात दोस्तों के साथ दामनकोल झरना घूमने आया था। कुछ दोस्त पिकनिक के लिए खाना बना रहे थे, जबकि अन्य झरने में स्नान कर रहे थे। भोजन करने के बाद सभी दोस्त नहाने लगे। इसी दौरान करण झरने के ऊंचे हिस्से पर चढ़कर सेल्फी लेने लगा। तभी उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गहरे कुंड में जा गिरा।
दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही खड़गपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। आशंका है कि गिरने के दौरान उसका सिर पत्थर से टकरा गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी मिले हैं।
पुलिस शव को खड़गपुर अस्पताल लाई, जहां चिकित्सकों डॉ. अनुज कुमार और डॉ. सुबोध कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।
बताया जाता है कि करण 22 जून को भी दामनकोल झरना घूमने आया था और वहां की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की थीं। करण दो भाइयों में बड़ा था। अस्पताल पहुंचते ही उसकी मां बेटे के शव से लिपटकर बिलख पड़ी, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।




