रिपोर्ट- चंद्रशेखर!
बेलहर से घर लौट रहे युवक को अपराधियों ने मारी गोली, गंभीर हालत में मायागंज रेफर
खेसर थाना क्षेत्र के रामसरैया मोड़ के पास वारदात, पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी
बांका। खेसर थाना क्षेत्र के साहबगंज-बांका मुख्य मार्ग स्थित रामसरैया मोड़ के समीप अज्ञात अपराधियों ने बाइक से घर लौट रहे एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल युवक की पहचान बांका थाना क्षेत्र के तेलिया पंचायत अंतर्गत मटुकचक गांव निवासी विक्रम सिंह (35), पिता श्रीधर सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, विक्रम सिंह अपने ससुराल बेलहर थाना क्षेत्र के लौढ़िया गांव से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामसरैया मोड़ स्थित नहर पुल के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली कमर के ऊपर दाहिनी ओर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर गश्त कर रही खेसर थाना पुलिस पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फुल्लीडुमर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
इधर, घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गोलीबारी के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।




