मोकामा-चारा काटते हुये किसान का हाथ मशीन से कटा, परिजनों का अस्पताल में बवाल!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बाढ़ अनुमंडल के मोकामा थाना अंतर्गत कन्हाईपुर गांव में मवेशी का चारा काटने के दौरान 60 वर्षीय बुजुर्ग रामस्वरूप प्रसाद की चारा काटने वाली मशीन की चपेट में एक हाथ आ गया। हादसा इतना भयानक था कि देखते ही देखते बुजुर्ग का हाथ मशीन में फंसकर कई टुकड़ों में कट गया और पूरा हाथ शरीर से अलग हो गया। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को आनन-फानन में इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बुजुर्ग की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत पटना रेफर कर दिया। हालांकि, बुजुर्ग को पटना ले जाने के बजाय उनके परिजन अस्पताल परिसर में ही उग्र हो गए और जमकर हंगामा करने लगे। परिजनों का आरोप था कि अस्पताल में डॉक्टर समय पर मौजूद नहीं थे और वे काफी देर बाद पहुंचे, जिससे इलाज में भारी लापरवाही हुई। परिजनों का कहना था कि आपातकालीन स्थिति के बावजूद स्वास्थ्यकर्मियों और डॉक्टरों का रवैया टालमटोल वाला रहा, जिससे घायल व्यक्ति की जान और अधिक जोखिम में पड़ गई। इस बात से नाराज होकर परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा किया, जिससे पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों के इस भारी विरोध और हंगामे के कारण लगभग आधे घंटे तक अनुमंडल अस्पताल का माहौल बेहद तनावपूर्ण और गर्म बना रहा। लोगों के समझाने के बाद परिजन अंततः शांत हुए और घायल बुजुर्ग को गंभीर हालत में पटना ले जाने के लिए तैयार हुए, जिसके बाद उन्हें एम्बुलेंस से इलाज के लिए पटना भेजा गया।
Byte- Relatives

Join us on: