यात्रियों के साथ मारपीट मामले में TTE को दानापुर DRM ने किया सस्पेंड!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

दानापुर रेल मंडल अंतर्गत आने वाले बख्तियारपुर जंक्शन पर तैनात एक टीटीई द्वारा दो लोगों के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। दानापुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी टीटीई कुंदन कुमार को निलंबित कर दिया है। निलंबन के साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई के कड़े आदेश जारी कर दिए गए हैं।
यह घटना 18 जुलाई 2026 की बताई जा रही है, जिसका वीडियो फेसबुक सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बहुत तेजी से प्रसारित हो रहा है। वायरल वीडियो में टीटीई कुंदन कुमार रेलवे ट्रैक के पास लुंगी पहने एक व्यक्ति को लात और घूंसों से बेरहमी से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही वह एक अन्य व्यक्ति का कॉलर पकड़कर उसे घसीटते हुए भी नजर आ रहे हैं। इस अमानवीय व्यवहार का वीडियो सामने आते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और सोशल मीडिया पर रेल प्रशासन से आरोपी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने स्पष्ट किया कि भारतीय रेलवे में अनुशासन और यात्रियों के साथ उचित व्यवहार सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि यदि कोई यात्री बिना टिकट यात्रा करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाने या विधिक कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी भी स्थिति में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या शारीरिक हिंसा करना पूरी तरह से अस्वीकार्य है।
इसी वजह से आरोपी टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है, ताकि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।
सोशल मीडिया पर विडियो डालकर लोग कार्रवाई की मांग किए। कमलेश यादव ने फेसबुक पर लिखा (दिनांक 18/7/2026 को देखिए इ हमारे बख्तियारपुर पटना, बिहार रेलवे-स्टेशन पर बख्तियारपुर के टीसी के द्वारा यात्री के साथ मारपीट एंव पैसा वसूली करते है जिस तरह रेलवे पटरी पर मारपीट कर रहे है जो घोर अपराध है
में इसको जाँच माननीय रेल मंत्री एवं GM/DRM से जाँच कराने के अनुरोध करता हू ताकि उचित कार्रवाई हो सकें) इसी प्रकार अन्य लोगों ने भी रेलवे पर वीडियो पोस्ट कर तीखी टिप्पणी है!

Join us on: