रिपोर्ट- अभिषेक कुमार!
गया: शहर के जीबी रोड स्थित प्रधान डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को हड़कंप मच गया। धमकी भरे ई-मेल की सूचना मिलते ही डाकघर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी शमीम अहमद पुलिस टीम, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पूरे परिसर को खाली कराकर सुरक्षा जांच शुरू की। डाकघर के विभिन्न हिस्सों, पार्सल सेक्शन, काउंटर एरिया, संदिग्ध सामान और पासपोर्ट सेवा केंद्र के कमरों की मेटल डिटेक्टर और खोजी कुत्तों की मदद से गहन तलाशी ली गई।
वरीय डाकपाल प्रणव कुमार झा ने बताया कि अज्ञात ई-मेल आईडी से भेजे गए संदेश में डाकघर परिसर और पासपोर्ट कार्यालय में बम लगाए जाने की बात कही गई थी। ई-मेल में किसी भी समय विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस और साइबर सेल की टीम मामले की जांच में जुटी है। धमकी भेजने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट – अभिषेक कुमार
गयाजी




