रिपोर्ट – अमित कुमार
बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे आंदोलन पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन में वास्तविक छात्र शामिल नहीं हैं, बल्कि राजनीतिक दलों के स्थानीय नेता छात्रों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और जुआ-सट्टा रोकने के लिए प्रस्तावित कानून का भी समर्थन किया। वहीं, सरकारी स्कूलों को भगवा रंग से रंगे जाने के विवाद पर भी उन्होंने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया।
वीओ:
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जो छात्र पढ़ाई-लिखाई में लगे हैं, वे आंदोलन का हिस्सा नहीं बन रहे हैं। उनके अनुसार, नीट पेपर लीक के मुद्दे पर राजनीतिक दल छात्रों के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा और गाली-गलौज को लेकर प्रस्तावित कानून पर मंत्री ने कहा कि किसी को अपमानित करने की अनुमति न संविधान देता है और न ही समाज। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ऐसे मामलों में कानून ला रही है तो इसका स्वागत होना चाहिए। साथ ही जुआ और सट्टेबाजी पर सख्त कानून बनाने की पहल को भी उन्होंने जनहित में बताया।
सरकारी स्कूलों को भगवा रंग से रंगे जाने पर उठे सवालों के जवाब में श्रवण कुमार ने कहा कि किसी रंग से एतराज नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में न पहले भगवाकरण हुआ है और न अब हो रहा है। विपक्ष केवल राजनीतिक कारणों से इस मुद्दे को उठा रहा है।
बाइट: बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार।




