दरभंगा संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार
दरभंगा शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल में शुक्रवार को एल.एन. मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू) की पीजी की 23 वर्षीय छात्रा का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र निवासी निधि कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पटना से डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। छात्रा का कमरा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में कमरे के भीतर छात्रा के कान में हेडफोन लगा हुआ था तथा सामने मोबाइल फोन रखा मिला। इससे आशंका जताई जा रही है कि घटना के समय किसी से वीडियो कॉल चल रही थी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, छात्रा के मोबाइल फोन समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है और छात्रा की हालिया गतिविधियों, कॉल डिटेल तथा अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
बाइट:
- संजय मिश्रा, मकान मालिक के पिता।
- सुधीर कुमार, थानाध्यक्ष, विश्वविद्यालय थाना।




