रिपोर्ट – अभिषेक कुमार
बिहार के गया जी के पंचानपुर थाना क्षेत्र के उसरी गांव में देर रात नकाबपोश चोरों ने एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। विरोध करने पर बदमाशों ने वृद्ध महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की, गला दबाने का प्रयास किया व वृद्ध दंपति को बंधक बनाकर घर में रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें अनुमंडलीय अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार की रात 10 से 12 की संख्या में नकाबपोश अपराधी घर में घुस गए। आहट मिलने पर घर में सो रही वृद्ध महिला की नींद खुल गई। महिला के शोर मचाने व पहचान लेने की बात कहने पर अपराधी आगबबूला हो गए व उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि बदमाशों ने महिला का गला दबाया, उनके हाथ पर गंभीर चोट पहुंचाई तथा उन्हें कमरे में बंद कर दिया। घटना के दौरान घर में मौजूद वृद्ध को भी बंधक बनाकर रखा गया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी घर में रखे कीमती सामान की चोरी कर फरार हो गए। किसी तरह कमरे से निकलकर घायल वृद्ध दंपति पड़ोस में रहने वाले परिजनों के पास पहुंचे, तब जाकर घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई।
घटना की सूचना गया में रह रहे वृद्ध दंपति के पुत्र को दी गई। इसके बाद घायल महिला को अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के हाथ में फ्रैक्चर है तथा गले पर दबाव के निशान पाए गए हैं। पीड़िता के पुत्र ने बताया कि उनकी मां के अनुसार सभी अपराधी नकाबपोश थे व उनकी संख्या करीब 10 से 12 थी। विरोध करने और पहचान लिए जाने की आशंका के कारण अपराधियों ने महिला के साथ बर्बर मारपीट की तथा घर में रखे सभी कीमती सामान लेकर फरार हो गए। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि महिला के निजी अंगों पर भी गंभीर चोट पहुंचाई गई है। इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल एवं पंचानपुर थानाध्यक्ष पद्माकर उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपराधियों तक पहुंचने के लिए एफएसएल टीम और श्वान दस्ता को भी बुलाया गया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच करते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
रिपोर्ट अभिषेक कुमार
गया




