SSB ने नेपाल निर्मित शराब एवं बीयर के साथ एक महिला तस्कर को किया गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मधुबनी जिले के हरलाखी थाना क्षेत्र से लगने वाली भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर की सी समवाय, पीपरौन के जवानों ने एक सफल कार्रवाई करते हुए 267.8 लीटर नेपाल निर्मित शराब एवं बीयर बरामद कर एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त विश्वसनीय आसूचना के आधार पर समवाय प्रभारी के निर्देशानुसार एक विशेष नाका पार्टी का गठन कर सीमा स्तंभ संख्या 284/20 के निकट लगभग 50 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में नाका लगाया गया। तड़के लगभग 04:25 बजे कुछ महिलाएं सिर पर बोरी रखकर नेपाल से भारत की ओर आती दिखाई दीं। नाका पार्टी को देखकर सभी महिलाएं बोरी छोड़कर नेपाल की ओर भागने लगीं। जवानों ने तत्परता से घेराबंदी कर एक महिला को पकड़ लिया, जबकि अन्य महिलाएं सीमा का लाभ उठाकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहीं।
मौके पर बरामद 08 बोरियों की तलाशी लेने पर 876 बोतल नेपाल निर्मित देशी शराब, प्रत्येक 300 मि.ली., कुल 262.8 लीटर तथा बीयर के 10 कैन, प्रत्येक 500 मि.ली., कुल 5 लीटर बरामद हुए। इस प्रकार कुल 267.8 लीटर अवैध नेपाल निर्मित मदिरा जब्त की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में ज्ञात हुआ कि बरामद शराब नेपाल से भारत में अवैध रूप से लाई जा रही थी। गिरफ्तार महिला गांव सोथगांव, थाना–हरलाखी, जिला–मधुबनी, बिहार की है।
बरामद शराब, बीयर एवं गिरफ्तार महिला के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना हरलाखी को आगे की कार्वाई को लेकर सुपुर्द कर दिया गया।
कमांडेंट राजेन्द्र कुमार 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल जयनगर ने कहा है कि सीमा क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सशस्त्र सीमा बल निरंतर सतर्क है तथा बिहार पुलिस एवं अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार अभियान चला रही है। सीमा पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को सफल नहीं होने दिया जाएगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Join us on: