सात लाख की सुपारी पर हत्या की साजिश नाकाम,हथियार समेत दो बदमाश गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

रुद्रपुर के युवक की हत्या की थी पूरी तैयारी, वारदात से पहले पुलिस ने दबोचा; एसडीपीओ बोले— बड़ी आपराधिक साजिश विफल

मधुबनी पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश का पर्दाफाश करते हुए सात लाख रुपये की सुपारी पर हत्या की योजना को वारदात से पहले ही नाकाम कर दिया। रुद्रपुर थाना पुलिस ने अवैध देशी कट्टे के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में रुद्रपुर निवासी सौरभ शांडिल्य की हत्या की साजिश का खुलासा किया है।
शुक्रवार की शाम झंझारपुर कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने प्रेस प्रतिनिधियों को बताया है कि गुरुवार की रात करीब 12:50 बजे रुद्रपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि जलसैन गांव का धीरज पाठक उर्फ नटवर अपने साथियों के साथ अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के सत्यापन एवं आवस्यक कार्वाई के लिए थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरिक्षक नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम जलसैन स्थित दुर्गा मंदिर के पास पहुंची। पुलिस वाहन देखते ही संदिग्ध भागने लगे। घेराबंदी कर पुलिस ने धीरज पाठक उर्फ नटवर, 22 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी गंगई कामत मौके से फरार हो गया।
तलाशी के दौरान धीरज की कमर से एक देशी कट्टा और उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में धीरज ने खुलासा किया कि हथियार उसे रुद्रपुर निवासी रमन झा ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रमन झा को भी गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ ने आगे बताया कि जांच में सामने आया है कि रमन झा ने धीरज पाठक और उसके साथियों को सौरभ शांडिल्य की हत्या करने के लिए सुपारी दी थी। हत्या के बाद सात लाख रुपये देने का भी सौदा तय हुआ था। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर इस बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही विफल कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में रुद्रपुर थाना कांड संख्या 84/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसडीपीओ ने आगे बताया कि गिरफ्तार धीरज पाठक पहले भी कई आपराधिक मामलों में आरोपित रह चुका है। उसके विरुद्ध भैरवस्थान और रुद्रपुर थाने में पहले से भी गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक देशी कट्टा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फरार आरोपित गंगई कामत की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
प्रेसवार्ता में झंझारपुर सर्किल इंस्पेक्टर राजकुमार कुशवाहा, अंधराठाढ़ी थानाध्यक्ष जीवेश कुमार मिश्रा तथा रुद्रपुर थानाध्यक्ष मंजुला मिश्रा मौजूद थे।

Join us on: