रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!
सांसद, संसदीय क्षेत्र खगड़िया श्री राजेश वर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित मुख्य सभाकक्ष में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन, अवैध अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग पर कार्रवाई तथा सड़क सुरक्षा संबंधी जनजागरूकता गतिविधियों को और सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री विक्रम वीरकर ने अवगत कराया कि परिवहन विभाग, बिहार सरकार के निर्देश एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में जिले में ‘डिस्ट्रिक्ट हाईवे रोड सेफ्टी टास्क फोर्स’ का गठन किया गया है। यह टास्क फोर्स राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण हटाने, नियमित निरीक्षण एवं पेट्रोलिंग, दुर्घटना संभावित स्थलों की निगरानी, हाईवे सेफ्टी ज़ोन की सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करेगी। साथ ही एनएचएआई एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर एम्बुलेंस, रिकवरी क्रेन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।
माननीय सांसद श्री राजेश वर्मा ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा उपायों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अपने-अपने विभागों की प्रगति एवं कार्ययोजना प्रस्तुत की तथा सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।




