:- रवि शंकर अमित!
दिनांक 17.07.2026 को अथमलगोला स्थित बीसी एवं ईबीसी कल्याण बालिका छात्रावास में स्वास्थ्य जागरूकता एवं शैक्षणिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन!
आज दिनांक 17.07.2026 को अनुमंडल पदाधिकारी, बाढ़ सुश्री गरिमा लोहिया, आईएएस के नेतृत्व में अथमलगोला स्थित बीसी एवं ईबीसी कल्याण बालिका छात्रावास में स्वास्थ्य जागरूकता एवं शैक्षणिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC), अनुमंडलीय कल्याण पदाधिकारी, जीविका की प्रतिनिधियों एवं विद्यालय प्रशासन के अधिकारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता (Menstrual Hygiene) के प्रति जागरूक किया गया। चिकित्सा पदाधिकारी ने मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए व्यक्तिगत स्वच्छता, संक्रमण से बचाव तथा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
इसके अतिरिक्त पोषण एवं संतुलित आहार के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। छात्राओं को पोषण संबंधी भ्रांतियों से अवगत कराते हुए दैनिक जीवन में संतुलित एवं पौष्टिक भोजन अपनाने की सलाह दी गई, ताकि वे स्वस्थ रहकर अपनी शिक्षा पर बेहतर ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकें।
अनुमंडल पदाधिकारी ने छात्राओं से शिक्षा के महत्व, नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को प्राप्त करने पर संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा निरंतर अध्ययन के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के उपरांत अनुमंडल पदाधिकारी ने छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा छात्राओं के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। छात्राओं ने छात्रावास की साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित सुझाव एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि छात्राओं का स्वास्थ्य एवं शिक्षा दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। स्वस्थ एवं जागरूक छात्राएँ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकती हैं। प्रशासन छात्राओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं छात्रावास की सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।




