बी.बी.एम. कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. राजकिशोर शर्मा के निधन पर शोक सभा आयोजित!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद

​जहानाबाद के बी० बी० एम० कॉलेज, ओकरी के प्रधानाचार्य प्रो० डॉ० राजकिशोर शर्मा का दिल्ली के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी की बीमारी से ग्रसित थे। उन्होंने एक लंबे समय तक महाविद्यालय में अपनी उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान कीं। उनके इस असामयिक निधन की खबर से स्थानीय शिक्षा जगत एवं बुद्धिजीवियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
​प्रो० शर्मा के निधन पर स्थानीय अनुग्रह नारायण स्मारक महाविद्यालय में एक विशेष शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
​शोक सभा को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि प्रो० शर्मा का निधन संपूर्ण शिक्षा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के राज्य स्तरीय पदाधिकारी होने के साथ-साथ हम सभी के अभिभावक स्वरूप थे। उनके चले जाने से आज पूरा वित्त रहित शिक्षक समाज मर्माहत और आहत महसूस कर रहा है।
​वित्त रहित शिक्षक-शिक्षकेतर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के राजाध्यक्ष प्रो० राम विनेश प्रसाद सिंह ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो० शर्मा के निधन ने हमारे साझा संघर्ष के एक मजबूत स्तंभ को ढहा दिया है, जिससे हमारा आंदोलन कमजोर हुआ है। वहीं, महाविद्यालय के उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो० अली सलीम ने उन्हें याद करते हुए एक खुशमिजाज, ऊर्जावान और समर्पित शिक्षक व कुशल प्राचार्य बताया।
​इसके साथ ही, प्रो० मिथिलेश कुमार सिंह ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्राचार्य राजकिशोर बाबू निश्चित रूप से हमारे मार्गदर्शक और नेता थे। वे ए० एन० एस० कॉलेज, जहानाबाद को सदैव अपना मानते हुए यहां के प्रति अगाध प्रेम व जुड़ाव रखते थे। आज हम सभी उनके आकस्मिक अवसान पर मर्माहत हैं।
​इस शोक सभा में कॉलेज के लगभग सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे। मुख्य रूप से डॉ० धर्मेन्द्र कुमार सिंह,प्रो० रंगनाथ द्विवेदी , प्रो० विनय कुमार सिंह, प्रो० शिवप्रकाश सिंह, प्रो० अनवर आलम, प्रो० उर्मिला कुमारी, प्रो० फातिमा नाज, प्रो० डॉ० रिंकू सिंह एवं प्रधान लिपिक अभय कुमार सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा सहायक वर्ग से संतोष कुमार, भीष्म नारायण, अच्युतानंद तिवारी, रमोद कुमार, राजेंद्र सिंह, विनोद कुमार सिंह, दिलीप कुमार, तपेश्वर प्रसाद, मिथिलेश कुमार, राकेश कुमार सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Join us on: