खगड़िया- धनखेता में फायरिंग, युवक को लगी गोली, रेफर, जाँच में जुटी पुलिस!

SHARE:

रिपोर्ट – विक्रम कुमार


खगड़िया जिला अंतर्गत गोगरी थाना क्षेत्र के धनखेता गांव में बुधवार की देर रात हुई फायरिंग की घटना में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल की पहचान धनखेता निवासी ज्वाला यादव के रूप में हुई है। उसे परिजनों द्वारा इलाज के लिए गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब 11 बजे गांव में दो पक्षों के बीच गोलीबारी हो रही थी। उसी दौरान ज्वाला यादव अपने घर के दरवाजे पर बैठा था। गोली चलने की आवाज सुनकर वह सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगा। इसी दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन उसे तत्काल गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए खगड़िया सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गोगरी के अपर थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल से घटना की जानकारी ली। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है तथा फायरिंग की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Join us on: