सदर अस्पताल की बदहाली पर सवाल, लिफ्ट खराब और जलजमाव से मरीज परेशान!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

प्रसव विभाग में लापरवाही के आरोप, जांच के बाद कार्रवाई का सिविल सर्जन ने दिया भरोसा

सुपौल :- जिले के सदर अस्पताल सुपौल में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल परिसर में पिछले कई महीनों से लिफ्ट खराब पड़ी है, जिससे मरीजों, बुजुर्गों और खासकर गंभीर स्थिति वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अस्पताल परिसर के अंदर सड़क पर जलजमाव की समस्या भी बनी हुई है।
सदर अस्पताल से सिविल सर्जन कार्यालय तक जाने वाली सड़क की स्थिति भी काफी खराब है। हल्की बारिश के बाद ही इस मार्ग पर पानी जमा हो जाता है, जिससे मरीजों, परिजनों और स्वास्थ्य कर्मियों को आने-जाने में परेशानी होती है। जर्जर सड़क और जलजमाव के कारण अस्पताल आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सदर अस्पताल के प्रसव विभाग में भी मरीजों के परिजनों द्वारा कई तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि प्रसव के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं को समुचित तरीके से नहीं देखा जाता है और कई मामलों में ऑपरेशन कराने या अन्य जगह रेफर कराने की सलाह दी जाती है। परिजनों का कहना है कि प्रसव विभाग में तैनात कर्मियों के व्यवहार और कार्यप्रणाली को लेकर भी शिकायतें मिल रही हैं।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ० बाबू साहब से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर और सिविल सर्जन कार्यालय तक जाने वाली सड़क की मरम्मत एवं जलजमाव की समस्या को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष को पत्र लिखा गया है। जल्द ही समस्या के समाधान की उम्मीद है। वहीं, प्रसव विभाग में लापरवाही के आरोपों पर सिविल सर्जन ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में यदि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की पहली प्राथमिकता है।

Join us on: