रिपोर्ट- मनोज कुमार!
बगहा: नेपाल में भारी बारिश, गंडक में बढ़ा जलप्रवाह… वाल्मीकिनगर बैराज से 2.24 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज.जल संसाधन विभाग के सभी अधिकारियों की छुट्टी रद्द…
बगहा: नेपाल के तराई और पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर अब बिहार के पश्चिम चंपारण में भी दिखने लगा है। बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से 2 लाख 24हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, जबकि जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं।
नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते दबाव को देखते हुए वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से 2 लाख 24 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है।
जल संसाधन विभाग के अधिकारी बैराज और गंडक नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि नेपाल में बारिश का दौर जारी रहा, तो आने वाले दिनों में जलप्रवाह और बढ़ सकता है।
हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर गंडक नदी के तटवर्ती और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे नहीं जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। वहीं, जल संसाधन विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।



