रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!
जिलाधिकारी, खगड़िया श्री विक्रम विरकर ने आज संभावित बाढ़ की तैयारियों के क्रम में परबत्ता प्रखंड अंतर्गत तेमथा एवं करारी क्षेत्र का भ्रमण कर तटबंधों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तटबंधों की मजबूती पर विशेष ध्यान देने तथा संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने जी.आर. (GR) पोर्टल पर लाभुकों की प्रविष्टि (Entry) की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी पात्र लाभुकों की शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिससे आपदा की स्थिति में राहत सामग्री एवं अनुग्रह सहायता का वितरण शीघ्रता से किया जा सके।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने संभावित बाढ़ के दौरान सामुदायिक रसोई संचालन हेतु चिन्हित स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यक आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं खाद्यान्न भंडारण की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सामुदायिक रसोई का संचालन तत्काल प्रारंभ किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ पूर्व सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रहें।




