सीवान- जाली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश,5.45 लाख के नकली नोट जब्त,महिला सरगना गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट- प्रमोद- सीवान!

सीवान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मैरवा थाना क्षेत्र के पंडितपुरा गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में जाली भारतीय मुद्रा छापने और उसकी तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹5.45 लाख के जाली भारतीय नोट, नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर मशीन, जाली नोट बनाने के अन्य उपकरण तथा ₹88 हजार नकद बरामद किए हैं। मामले में गिरोह की एक महिला सदस्य, जो पूरे नेटवर्क की सरगना बताई जा रही है, को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि मैरवा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पंडितपुरा गांव के एक घर में जाली भारतीय मुद्रा छापने और उसके अवैध कारोबार का संचालन किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) गौरी कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने छापेमारी कर मौके से ₹500, ₹200 और ₹100 मूल्यवर्ग के कुल ₹5,45,000 के जाली नोट बरामद किए।
बरामद जाली नोटों और अन्य सामग्री की जांच फॉरेंसिक टीम तथा बैंक अधिकारियों से कराई गई, जिसमें नोटों के नकली होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में गिरफ्तार महिला ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जाली नोटों के निर्माण और वितरण के अवैध कारोबार में संलिप्त होने की जानकारी दी है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस संबंध में मैरवा थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार महिला पहले भी जाली नोट के मामले में जेल जा चुकी है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Join us on: