रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!
गोरौल थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
बतया जाता है कि बीती रात कटरमाला-बसीपुर रोड स्थित मधुपालन केंद्र के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना गोरौल थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
शव की पहचान कटरमाला-बसीपुर निवासी नगीना सिंह के पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक का एक ठेकेदार से रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में उसे सुनसान जगह पर बुलाकर गोली मार दी गई।
घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। एसपी वैशाली शुभांक मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मामले का त्वरित एवं वैज्ञानिक अनुसंधान कर अभियुक्तों को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
एसपी ने बताया कि इस कांड में शामिल अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।



