रिपोर्ट – अमित कुमार!
बिहार की राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर। पटना जंक्शन के पास करबीगहिया स्टेशन इलाके में तनाव का माहौल है। 32 वर्षीय बंटी नामक युवक के कथित अपहरण के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और आगजनी की। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बंटी को सोमवार को पटना जंक्शन क्षेत्र से कथित रूप से अगवा किया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बंटी लंबे समय से इलाके में चल रहे कथित देह व्यापार के खिलाफ आवाज उठा रहा था। इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि करबीगहिया स्टेशन और पटना जंक्शन के आसपास काफी समय से अवैध धंधा चल रहा है। इससे स्थानीय परिवारों को सामाजिक दिक्कतें हो रही हैं। लोगों का आरोप है कि कई परिवारों को वैवाहिक संबंधों में भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। साथ ही उनका दावा है कि इस धंधे में शामिल कुछ लोगों को प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपने की बात कही है। उन्होंने रोहित नाम के एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गुस्साए लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर यातायात बाधित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने की कोशिश की। अभी तक बंटी का कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अपहरण और अन्य आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन के बयान का इंतजार किया जा रहा है।




