नदी के रास्ते शराब तस्करी का खुलासा,कमला नदी से भाड़ी मात्रा मे शराब बरामद!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मधुबनी जिले के जयनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कमला नदी के पानी से प्लास्टिक की बोड़ियों में बहाकर लाई जा रही भारी मात्रा में शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में कुल 2160 लीटर नेपाल निर्मित देशी एवं विदेशी शराब जब्त की गई है। मामले की जानकारी देते हुए जयनगर डीएसपी सदानंद कुमार ने थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कमला नदी के रास्ते शराब की खेप भारत लाई जा रही है। सूचना के आधार पर जयनगर स्थित काली मंदिर के समीप नदी घाट क्षेत्र में छापेमारी की गई। इस दौरान नदी में तैर रही प्लास्टिक की बोड़ियों से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। डीएसपी ने आगे बताया है कि शराब तस्कर पुलिस की निगरानी से बचने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इस बार नेपाल से नदी के रास्ते शराब की तस्करी करने का प्रयास किया गया था, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। उन्होंने बताया कि बरामद शराब में नेपाल निर्मित देशी एवं विदेशी ब्रांड शामिल हैं, जिसकी कुल मात्रा 2160 लीटर आंकी गई है। पुलिस तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष रमन कुमार ने किया। छापेमारी दल में एसआई सूरज कुमार, अमित कुमार, मोनिका कुमारी, राहुल कुमार, विकास कुमार तथा श्याम कुमार पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने बताया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा शराब तस्करी से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध आवस्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: