मुंगेर से शंखनाद के लिये सुमित कुमार की रिपोर्ट!
मुंगेर जिले तारापुर थाना पुलिस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में रहकर आतंकी गतिविधि की साजिश रचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक देसी पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है। एसडीपीओ कुमार देवेन्द्र ने सोमवार को तारापुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मिलकी खानपुर निवासी मोहम्मद सद्दाम, पिता मोहम्मद शमशेर, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से बिहार एटीएस थाना के एक मामले में उल्लेखित पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुसैन से संपर्क में है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना अध्यक्ष राजकुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार देर रात उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान युवक घर के अंदर से भागने का प्रयास करने लगा और शौचालय की छत पर लगी नागफनी की झाड़ी में एक वस्तु फेंक दी। पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल की जांच में संपर्क सूची में राना भाई के नाम से पाकिस्तानी मोबाइल नंबर सेव मिला। इसके बाद घर की तलाशी में नागफनी की झाड़ी से कपड़े में लपेटकर छिपाई गई एक पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद की गई। एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रह रहा था। वहीं वो पाकिस्तानी गैंगस्टर राणा हुसैन उर्फ राना भाई के नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में आ गया । उसने यह भी बताया कि करीब तीन माह पहले मुंबई में उसे यह पिस्टल उपलब्ध कराई गई थी। मुंबई में पुलिस कार्रवाई की भनक लगने के बाद वह हथियार लेकर अपने गांव लौट आया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवक ने दो अन्य मोबाइल नंबरों का भी उल्लेख किया है, जिनके धारकों की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि नेटवर्क के निर्देश पर दिल्ली के किसी भीड़भाड़ वाले इलाके में पेट्रोल बम से बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी। हालांकि पुलिस इस पूरे इनपुट का विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से सत्यापन कर रही है। थानाध्यक्ष राजकुमार के बयान पर तारापुर थाना में मोहम्मद सद्दाम तथा दो अज्ञात मोबाइल धारकों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 113(3), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1बी)(ए) और 26 के तहत केस दर्ज की गई है। एसडीपीओ कुमार देवेन्द्र ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरीय अधिकारियों तथा अन्य सहयोगी एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया गया है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है ताकि किसी भी संभावित आतंकी घटना को समय रहते रोका जा सके।




