रिपोर्ट – रवि शंकर कुमार!
शेखपुरा. जिले से 48 घंटों से लापता बीटेक छात्र का शव जमुआरा पहाड़ के गहरे पानी से बरामद किया गया है। शव मिलने के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजन इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। वहीं उग्र भीड़ ने पुलिस के वाहनों पर पथराव कर दिया, जिसमें चार पुलिस गाड़ियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए, शेखपुरा जिले के नगर थाना क्षेत्र के मेहुस मोड़ निवासी संतोष यादव के 20 वर्षीय पुत्र हंसराज उर्फ राजा शनिवार की दोपहर एक बजे से ही लापता था और पुलिस ने जमुआरा पहाड़ पर से उसकी बाइक को बरामद किया था, बताते चलें कि हंसराज उर्फ राजा राजस्थान के जयपुर में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा था छुट्टियों में वापस घर आया था और शनिवार की दोपहर से ही लापता था, जिसकी तलाश पुलिस और परिजनों द्वारा किया जा रहा था, काफी खोजबीन करने के बाद भी कोई अता पता नहीं चल सका, वहीं सोमवार को बीटेक छात्र का शव जमुआरा पहाड़ स्थित करीब 100 फिट गहरे पानी से बरामद किया गया,

शव गहरे पानी से निकालने के लिए एसडीआरएफ टीम नालंदा से बुलाई गई थी, वहीं शव मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तथा परिजन घटनास्थल पर जुट गए। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए, ताकि मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके। परिजनों की मांग है कि दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। शव बरामद होने की खबर फैलते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर नाराजगी जताते हुए पुलिस के वाहनों पर पथराव कर दिया। पथराव में चार पुलिस वाहनों के शीशे टूट गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई और अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। हालांकि पुलिस सूत्रों की माने तो युवक सीतामढ़ी के एक लड़की से प्यार करता था. और जब से युवक लापता हुआ उस दिन उसके मोबाइल पर किसी अनजान नंबर से फोन आया था. जिसके बाद उसके लापता होने की बात समाने आई और आज तीन दिन बाद युवक का शव बरामद किया गया. एसडीपीओ डॉक्टर राकेश कुमार ने बताया की प्रथम दृष्टया शव पानी से बरामद हुआ है इसलिए हत्या या आत्महत्या कहना सही नहीं होगा पुलिस हर पहलु की जांच कर रही है. वहीं परिजन की अगर माने तो परिजनों ने हत्या की बात कही है. वही परिजन ने कहा की जमुआरा पहाड़ की खाई में यह दूसरी घटना है. खनन विभाग की लापरवाही और अनदेखी का यह नतीजा है यहाँ सुरक्षा के मद्देनजर पानी भरे गड्ढे के चारो ओर बेरीकेटिंग करने की जरूरत है. इस घटनाओ की जानकारी मिलते ही राजद के पूर्व विधायक सदर अस्पताल पहुंचे और घटना के जांच की मांग किया!




