रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के जयनगर से लगने वाली भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों एवं प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी रोकने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के जवानों ने अलग-अलग स्थानों पर दो सफल कार्रवाइ करते हुए भारी मात्रा में साइकोट्रॉपिक दवाएं बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई में ई समवाय, हरने द्वारा बिहार पुलिस के साथ संयुक्त अभियान के दौरान प्राप्त आसूचना के आधार पर हरने क्षेत्र में छापेमारी कर राम ललित दास को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से Nitrazepam Tablets – 600 नग तथा Spasmo-Proxyvon Plus Tablets – 60 नग बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि उक्त दवाइयां नासिरुद्दीन नामक व्यक्ति से प्राप्त कर बिक्री के उद्देश्य से रखी गई थीं।
दूसरी कार्रवाई में जानकीनगर समवाय की विशेष गश्ती टीम ने आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रंजन शाह, गांव कटैया, थाना बासोपट्टी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से I-PAM (Nitrazepam) Tablets – 40 नग तथा ONSCEM (Codeine Phosphate एवं Triprolidine HCL Syrup) – 10 बोतल (01 लीटर) बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि उक्त प्रतिबंधित दवाइयां संजीव कुमार (एम.आर.), मधुबनी से प्राप्त की गई थीं।
दोनों मामलों में बरामद नशीली दवाएं, गिरफ्तार अभियुक्तों तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों को नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु संबंधित थाना हरलाखी एवं बासोपट्टी को सुपुर्द कर दिया गया है।
इस बाबत कमांडेंट, 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर राजेन्द्र कुमार ने कहा है की सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों एवं साइकोट्रॉपिक दवाओं की तस्करी तथा अवैध कारोबार के विरुद्ध सशस्त्र सीमा बल पूरी सतर्कता एवं दृढ़ संकल्प के साथ लगातार अभियान चला रहा है। समाज एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।




