रिपोर्ट :- संतोष चौहान
सुपौल :- किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल प्लाजा के निकट परसा माधो पंचायत स्थित एसएसबी प्रशिक्षण केन्द्र गेट के पास रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि नशे की हालत में व्यक्ति की मौत हुई होगी। वहीं अन्य लोगों का मानना है कि मारपीट के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया है।
घटना की सूचना मिलने पर किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान कराने और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आस-पास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कराया जा रहा है।



