मुजफ्फरपुर- मंदिर गये व्यवसायी की ताबड़तोड़ फायरिंग कर गोली मारकर हत्या!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!

मंदिर में पूजा करने गए एक किताब दुकानदार और प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। बेखौफ अपराधियों ने मंदिर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुट गई है।

घटना मुजफ्फरपुर जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र स्थित डेरा चौक की है। मृतक की पहचान श्याम कुमार कुशवाहा उर्फ श्याम सुंदर प्रसाद के रूप में हुई है। वह पेशे से किताब दुकानदार होने के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करते थे।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह रोज की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े, जबकि हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल श्याम कुमार कुशवाहा को तत्काल इलाज के लिए एसकेएमसीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। परिजनों के अनुसार मृतक को दो गोलियां लगी थीं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

पुलिस शुरुआती जांच में हत्या के पीछे जमीन कारोबार, व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता या पुरानी रंजिश की आशंका जता रही है। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल इस सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अब सभी की नजर पुलिस जांच और इस हत्याकांड के खुलासे पर टिकी है।

Join us on: