जहानाबाद- सदर अस्पताल में मरीज की मौत के बाद बवाल, डॉक्टर पर हमला और तोड़फोड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा!

SHARE:

रिपोर्ट – पंकज कुमार!

जहानाबाद सदर अस्पताल में 14 वर्षीय किशोरी की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की गई. परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया और अस्पताल के भीतर स्थिति तनावपूर्ण हो गई.आरोप है कि परिजनों ने डॉक्टर के साथ बदसलूकी और मारपीट की तथा चिकित्सक कक्ष के बाथरूम का शीशा तोड़ दिया. स्थिति बिगड़ते ही नर्स और अन्य स्टाफ अस्पताल छोड़कर भाग गए. डॉक्टर ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और पुलिस को सूचना दी.परिजनों का आरोप है कि 14 वर्षीय रिचा कुमारी को उल्टी की शिकायत के बाद सदर अस्पताल लाया गया था. डॉक्टर ने बिना ठीक से जांच किए नौ इंजेक्शन और सलाइन लिख दिया, जिसके बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई. परिजनों का दावा है कि इलाज में गंभीर लापरवाही हुई, जिससे उसकी मौत हो गई.ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ए के नंदा ने आरोपों को बेबुनियाद बताया. उनका कहना है कि मरीज को उल्टी की शिकायत थी और उसका ब्लड प्रेशर काफी कम था. प्राथमिक इलाज के बाद उसे पीएमसीएच रेफर किया गया था, लेकिन कुछ ही मिनटों में उसकी हालत और बिगड़ गई और मौत हो गई.घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और कहा कि यदि शिकायत है तो लिखित आवेदन दें. इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई की बात कही गई.हंगामे के दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्टाफ और मरीजों में दहशत फैल गई. स्थिति सामान्य होने में काफी समय लगा.

Join us on: