रिपोर्ट- संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर
यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे की परिचालन एवं संरक्षा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेल, सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अमित सरन द्वारा मंडल के शाखा अधिकारियों के साथ सराय, भगवानपुर एवं रामदयालु नगर स्टेशन तथा सोनपुर – मुजफ्फरपुर रेलखंड का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सराय स्टेशन परिसर स्थित गुड्स लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया गया। माल ढुलाई गतिविधियों, व्यापारियों के आवागमन हेतु उपलब्ध सुविधाओं, मर्चेंट रूम, स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा संरक्षा मानकों की समीक्षा किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को माल ढुलाई कार्यों के सुचारु संचालन एवं रेलवे परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत भगवानपुर स्टेशन का निरीक्षण किया गया, जहां स्टेशन परिसर की स्वच्छता, यात्री सुविधाओं, एबीएसएस (ABSS) व्यवस्था एवं स्टेशन मास्टर पैनल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपलब्ध सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में रामदयालु नगर स्टेशन परिसर, स्टेशन मास्टर पैनल एवं अन्य परिचालन व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। साथ ही मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सोनपुर– रामदयालु नगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल पथ, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, संरक्षा मानकों तथा परिचालन दक्षता का जायजा लिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अमित सरन ने निरीक्षण के दौरान संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, स्टेशन परिसरों की स्वच्छता बनाए रखने, यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार करने तथा रेलवे के सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने पर बल दिये। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की अपेक्षाओं के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं प्रदान करने तथा रेलवे की कार्यक्षमता को और बेहतर बनाने हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
सोनपुर मंडल यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने तथा रेलवे की परिचालन उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।




