वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने की बिस्फोटक बल्लेबाजी, 119 गेंद में 168 रन!

SHARE:

रिपोर्ट – अरविंद कुमार!

समस्तीपुर ताजपुर प्रखंड क्षेत्र के मोतीपुर गांव के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट की दुनिया में जहां एक ओर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन से देशभर में पहचान बना रहे हैं। वहीं अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी अपने शानदार खेल से तेजी से चर्चा में आ रहे हैं। आशीर्वाद लगातार बड़ी पारियां खेलकर यह साबित कर रहे हैं कि सूर्यवंशी परिवार की क्रिकेट प्रतिभा आने वाले वर्षों में भी मैदान पर चमक बिखेरने वाली है।

स्थानीय स्तर पर खेले गए एक मुकाबले में ऋषभ-11 गंगापुर (समस्तीपुर) की ओर से खेलते हुए आशीर्वाद सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने मात्र 119 गेंदों में 168 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 19 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनकी इस दमदार पारी की बदौलत ऋषभ-11 ने रौशन-11 (वैशाली) को बड़े अंतर से पराजित कर दिया।

आशीर्वाद ने अपनी पारी के दौरान बेहतरीन टाइमिंग, शानदार शॉट चयन और आक्रामक बल्लेबाजी का परिचय दिया। मैदान के चारों ओर लगाए गए चौके-छक्कों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।

गौरतलब है कि यह आशीर्वाद की लगातार दूसरी बड़ी पारी है। इससे पहले उन्होंने बिरौली के खिलाफ मुकाबले में महज 87 गेंदों पर 103 रन की शानदार शतकीय पारी खेली थी, जिसमें 20 चौके और 1 छक्का शामिल था। लगातार दो मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन ने उन्हें स्थानीय क्रिकेट का उभरता हुआ सितारा बना दिया है।

आशीर्वाद के इस शानदार प्रदर्शन पर उनके चाचा राजीव सूर्यवंशी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आशीर्वाद में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा, “जिस तरह वह लगातार मेहनत कर रहा है और मैदान पर प्रदर्शन कर रहा है, उसे देखकर पूरा परिवार गर्व महसूस कर रहा है। हमें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में वह क्रिकेट के क्षेत्र में नई बुलंदियों को छुएगा तथा समस्तीपुर, बिहार और देश का नाम रोशन करेगा।”

आशीर्वाद की लगातार शानदार पारियां यह संकेत दे रही हैं कि क्रिकेट जगत को सूर्यवंशी परिवार से जल्द ही एक और बड़ा नाम मिलने वाला है। जिस तरह बड़े भाई वैभव राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं, उसी तरह आशीर्वाद भी अपने बल्ले से भविष्य की मजबूत दस्तक दे रहे हैं।

Join us on: