रिपोर्ट – अमित कुमार!
भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। विश्वसनीय सूचना के सत्यापन के बाद ईओयू ने कांड संख्या 12/26 दर्ज करते हुए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
जांच में पवन कुमार के खिलाफ 3 करोड़ 89 लाख 79 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं, जो उनकी ज्ञात आय से लगभग 103.94 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त होने के बाद बुधवार को पवन कुमार के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इनमें पटना के कृष्णापुरी स्थित यमुना निवास अपार्टमेंट का फ्लैट, पटना स्थित कार्यालय, भागलपुर के आनंदगढ़ कॉलोनी तिलकामांझी स्थित मकान, नोएडा सेक्टर-75 का फ्लैट, नोएडा का एक अन्य आवासीय ठिकाना तथा नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 स्थित फ्लैट शामिल हैं।
पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। छापेमारी के दौरान बरामदगी और अन्य दस्तावेजों की जांच जारी है।



