गयाजी -साइबर गिरोह के 07 सदस्य गिरफ्तार, 14 एटीएम कार्ड, 22 सिम कार्ड, ₹34 हजार नकद बरामद!

SHARE:

रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!

गया पुलिस की बड़ी कार्रवाई : साइबर गिरोह के 07 सदस्य गिरफ्तार, 14 एटीएम कार्ड, 22 सिम कार्ड, ₹34 हजार नकद सहित अन्य सामग्री बरामद

गया/ वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर जिले में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी से जुड़े एक गिरोह के 07 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 14 एटीएम कार्ड, 22 सिम कार्ड, 01 चेकबुक, 01 पासबुक, 01 मोबाइल फोन तथा ₹34,000 नकद बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 जून 2026 को साइबर थाना को सूचना मिली थी कि कुछ म्यूल खातों का उपयोग साइबर अपराधी धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि को प्राप्त करने और विभिन्न खातों में स्थानांतरित करने के लिए कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक गया के निर्देश पर पुलिस -सह-थानाध्यक्ष अब्दुर रहमान के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान म्यूल खाताधारकों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि रॉकी कुमार द्वारा प्रलोभन देकर उनके बैंक खाते और सिम कार्ड लिए गए थे। इसके बाद पुलिस ने रॉकी कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने छह खाते अभिषेक पासवान को दिए थे। अभिषेक पासवान की गिरफ्तारी के बाद उसके पास से ₹34,000 नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
आगे की पूछताछ में अभिषेक पासवान ने बताया कि सभी खाते अंकित कुमार को सौंपे गए थे। पुलिस ने रफीगंज थाना की सहायता से अंकित कुमार को गिरफ्तार किया। उसके घर की तलाशी में 14 एटीएम कार्ड, 22 सिम कार्ड, 01 पासबुक और 01 चेकबुक बरामद किए गए।
जांच के दौरान एनसीआरपी पोर्टल पर सत्यापन करने पर गौतम कुमार, निखिल कुमार, गौतम कुमार (दूसरे) तथा आकाश कुमार के खातों से संबंधित साइबर अपराध की शिकायतें दर्ज पाई गईं। पुलिस जांच में सामने आया कि इन खाताधारकों के माध्यम से कुल ₹8,98,538 की राशि प्राप्त कर तत्काल निकासी कर विभिन्न खातों में स्थानांतरित की जाती थी।
इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 91/26, दिनांक 21 जून 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रॉकी कुमार, अभिषेक पासवान, अंकित कुमार, गौतम कुमार, निखिल कुमार, गौतम कुमार तथा आकाश कुमार शामिल हैं।

रिपोर्ट अभिषेक कुमार
गयाजी

Join us on: