रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!
आरा, 19 जून। भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत सिन्हा ओपी क्षेत्र के महुली गंगा घाट पर शुक्रवार की सुबह स्नान के दौरान एक वृद्ध महिला की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार वृद्ध महिला सुबह गंगा स्नान करने महुली घाट पहुंची थी। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह पानी में लापता हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की और काफी मशक्कत के बाद महिला के शव को गंगा नदी से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलने पर सिन्हा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, वृद्ध महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।




