मोतिहारी- ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिगो का शोषण, दो दर्जन कराये गये मुक्त, संचालक गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!

पूर्वी चंपारण के छौड़ादानो थाना क्षेत्र में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग बच्चों से कराए जा रहे काम का बड़ा खुलासा हुआ है। मोतिहारी पुलिस, श्रम विभाग और मानव तस्करी निरोधक इकाई की संयुक्त कार्रवाई में 23 नाबालिग लड़कियों और एक नाबालिग लड़के समेत कुल 24 बच्चों को मुक्त कराया गया है। मामले में तीन ऑर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, राज म्यूजिकल ग्रुप, राजेंद्र पासवान म्यूजिकल ग्रुप और रामबाबू यादव म्यूजिकल ग्रुप में नाबालिग लड़कियों और लड़कों से जबरन काम कराए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बच्चों को मुक्त कराया और संचालकों को हिरासत में ले लिया।

बताया जा रहा है कि इस मामले में कार्रवाई राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो द्वारा भेजे गए पत्र के आलोक में की गई। जांच के दौरान यह सामने आया कि कई नाबालिग लंबे समय से ऑर्केस्ट्रा दलों में काम करने को मजबूर थे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मानव तस्करी, बाल श्रम और बच्चों के शोषण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मुक्त कराए गए बच्चों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद संरक्षण और पुनर्वास की व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को सौंपा जा रहा है।

Join us on: