सुपौल के निर्मली में लगा सहयोग शिविर, डीएम- एसपी ने कई मामलों का किया निष्पादन!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

डीएम ने ऑन द स्पॉट बांटे जॉब कार्ड, लाभुकों में खुशी का माहौल

सुपौल :- जिले के निर्मली प्रखंड अंतर्गत पंचायत सरकार भवन, बेला सिंगार मोती में मंगलवार को एक विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं और योजनाएं उपलब्ध कराना था। जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने संयुक्त रूप से शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने शिविर में मौजूद विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया तथा अधिकारियों से आवेदनों की प्रगति की रिपोर्ट ली। इसी क्रम में डीएम ने पात्र लाभुकों के बीच ऑन द स्पॉट मनरेगा जॉब कार्ड का वितरण किया। शिविर में जॉब कार्ड मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इससे उन्हें गांव में ही रोजगार के अवसर मिलेंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि रोजगार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक समय पर पहुंचाया जाए ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके।

शिविर में जिलाधिकारी ने आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद उन्होंने मौके पर मौजूद जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का शीघ्र और पारदर्शी निष्पादन करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर ना काटने पड़ें, इसी उद्देश्य से इस सहयोग शिविर का आयोजन किया गया है। यहां न केवल आवेदन लिए जा रहे हैं, बल्कि समस्याओं का ऑन-साइट समाधान भी किया जा रहा है।
इस विशेष सहयोग शिविर में मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, राजस्व और ग्रामीण विकास समेत तमाम प्रमुख विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर तैनात विभागीय अधिकारियों और कर्मियों ने ग्रामीणों को योजनाओं के लाभ, आवश्यक पात्रता और आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आए सभी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और योग्य लोगों को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए।

शिविर के दौरान सुपौल पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने भी सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल और अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने की सलाह दी। इस अवसर पर जिला एवं प्रखंड स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि आम जनता तक सरकारी सेवाओं की लाभ आसानी से पहुंचे सुनिश्चित करने के लिए जिले के अन्य प्रखंडों में भी इस तरह के सहयोग शिविरों का आयोजन लगातार जारी रहेगा।

Join us on:

और पढ़ें