नालंदा- चोर समझकर दो युवकों की जमकर पिटाई, ईलाज के क्रम में दोनों की मौत!

SHARE:

रिपोर्ट – मिथुन कुमार!

नालंदा जिले के राजगीर स्थित झुनकिया बाबा मंदिर के पास भीड़ द्वारा कथित रूप से की गई पिटाई में घायल हुए दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। मंगलवार को दोनों युवकों का अंतिम संस्कार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया गया। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी पिंटू पासवान 24 वर्ष और श्रवण पासवान 22 वर्ष के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की अहले सुबह झुनकिया बाबा मंदिर परिसर के समीप श्रद्धालुओं की पंगत चल रही थी। इसी दौरान दोनों युवक मंदिर के पीछे की ओर बाउंड्री पार करते दिखाई दिए। कुछ लोगों ने उन्हें चोरी की नीयत से आया हुआ समझ लिया। इसके बाद भीड़ ने दोनों को पकड़ लिया और कथित रूप से उनकी पिटाई कर दी।

सूचना मिलने पर पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंचा और गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को भीड़ से बचाकर राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है।

इस मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। विभिन्न जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को मुआवजा तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वहीं, राजगीर के डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने कहा कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पूरे मामले की जांच जारी है।

Join us on:

और पढ़ें