रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
नालंदा जिले के बिहारशरीफ-बरबीघा मुख्य मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया जब सारे थाना क्षेत्र के बहादुरपुर मोड़ के पास इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों से लदे एक कंटेनर ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही कंटेनर से धुएं का घना गुबार और आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं, जिससे कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार कंटेनर चालक राजीव कुमार पटना से एयर कंडीशनर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर सहरसा जा रहा था। जैसे ही कंटेनर सारे थाना क्षेत्र के बहादुरपुर मोड़ के समीप पहुंचा, चालक को वाहन से भारी मात्रा में धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तत्काल कंटेनर को सड़क किनारे खड़ा किया और डायल 112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने अग्निशमन विभाग को अलर्ट किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बिहारशरीफ, अस्थावां, सरमेरा और बिंद से चार दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। अग्निशमन पदाधिकारी अमरजीत कुमार के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि जब तक आग बुझाई गई, तब तक कंटेनर में लदे करीब 50 प्रतिशत से अधिक एयर कंडीशनर और उनके उपकरण जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुके थे। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद सारे थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सारे थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और हाईवे पर यातायात को सामान्य कर दिया गया है। वाहन मालिक या कंपनी की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।




