सीवान में शीघ्र चीनी मिल खुलेगा, जिलाधिकारी को जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश- मुख्यमंत्री!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

मुख्य बिन्दु :-

मुख्यमंत्री ने सीवान जिला के लिए 180 करोड़ रुपये की 38 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

सहयोग शिविर में अब तक 3 लाख 3 हजार 678 प्राप्त आवेदनों में से 2 लाख 61 हजार 628 आवेदनों का निष्पादन किया गया है जो लगभग 90 प्रतिशत है।

25 लाख गरीब परिवारों के घरों पर अगले दो वर्षों में सोलर पैनल लगाए जाएंगे।

वर्ष 2030 तक 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराएंगे।

पटना, 16 जून 2026: मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी आज सीवान जिला के पचरुखी प्रखंड के

पंचायत भवन, पपौर में आयोजित सहयोग शिविर में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सहयोग शिविर में समस्याओं/शिकायतों के समाधान के लिए आए आमलोगों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने लोगों का आवेदन पढ़ा, उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का निर्देश दिया। सहयोग शिविर के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से बात की, उनका हालचाल जाना और स्थानीय समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल से सीवान जिला के लिए 180 करोड़ रुपये की 38 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, आयुष्मान कार्ड, अनुग्रह अनुदान सहित विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को सांकेतिक चेक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को जनप्रतिनिधियों ने अंगवस्त्र एवं पुष्प गुच्छ भेंटकर

स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके जिला के पचरुखी प्रखंड में आयोजित सहयोग सह जनकल्याण शिविर में आपके बीच आने का मौका मिला है। यह डॉ० राजेन्द्र प्रसाद की भूमि है। उन्होंने देश और बिहार को दिशा दी। हम उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं। इस शिविर में समस्या के समाधान के लिए आए लोगों के आवेदन को मैंने देखा और समाधान का निर्देश दिया है। प्रखण्डों में कल और परसों भी सहयोग शिविर चलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत तथा पूर्व मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिए हमलोग काम कर रहे हैं। यह सहयोग शिविर केवल आयोजन नहीं बल्कि आमलोगों की समस्याओं के

त्वरित समाधान का माध्यम है। लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए टाइमफ्रेम निर्धारित कर दिया गया है। आवेदन देने के अगर 10वें दिन तक में समस्याओं के समाधान के लिए कुछ नहीं किया गया तो 11वें दिन पहला नोटिस जाएगा, 20 दिन तक नहीं कोई कार्रवाई हुई तो 21वें दिन दूसरा नोटिस और 25 दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई तो 28वें दिन तीसरा नोटिस जाएगा और 30वें दिन कोई कार्रवाई नहीं हुई तो 31वें दिन स्वतः निलंबन का आदेश चला जाएगा। सहयोग शिविर के माध्यम से सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सहयोग शिविर में अब तक 3 लाख 3 हजार 678 प्राप्त आवेदनों में से 2 लाख 61 हजार 628 आवेदनों का निष्पादन किया गया है जो लगभग 90 प्रतिशत है। जवाबदेही तंत्र को मजबूत किया गया है। देश में इस तरह का यह पहला शिविर है, जिसके माध्यम से स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। आवेदन के तहत प्रथम शो कॉज नोटिस जो 10 दिन से लंबित मामलों के लिए था उसकी संख्या 8942 थी। दूसरा शो कॉज नोटिस 153 लोगों पर किया गया और तीसरा शो कॉज नोटिस 1 व्यक्ति को किया गया। 30 दिनों के अंदर सभी ने लंबित मामलों को निपटा दिया। इसके लिए प्रशासनिक तंत्र को बधाई देता हूं। बिहार के लोगों की समस्याओं का समाधान पूरी संवेदनशीलता के साथ करना है। बिहार समृद्ध होगा तभी भारत भी विकसित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी ने सड़क, पानी, बिजली जैसी कई सुविधाओं को घर-घर तक पहुंचाया। 125 यूनिट बिजली लोगों को मुफ्त दी जा रही है। बिहार में सबसे सस्ती और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि कल हमने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की है। 25 लाख गरीब परिवारों के घरों पर अगले दो वर्षों में सोलर बिजली लगाई जाएगी। सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोले जाएंगे जिसमें शिक्षा की ऐसी गुणवत्ता होगी कि उसमें सांसद, विधायक, पदाधिकारी के बच्चे पढ़ेंगे, तभी मेरा सपना पूरा होगा। बिहार की ग्रामीण सड़कें पूरे देश में सबसे अच्छी हैं। उन्होंने कहा कि अनुमंडल अस्पताल और जिला अस्पताल को ठीक करना है। डॉक्टरों को रेफर करने की प्रवृत्ति खत्म करनी होगी। 15 अगस्त के बाद जिला एवं अनुमंडल अस्पताल से इलाज के लिए मरीजों को रेफर करने की व्यवस्था खत्म करनी होगी। बिहार में उद्योग नहीं लगेगा, तब तक बिहार आगे नहीं बढ़ेगा। बिहार में उद्योग लगानेवालों की सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है। तय किया गया है कि उद्योग लगाने के लिए आवेदन करनेवालों को अगर 30 दिनों के अंदर अगर लाइसेंस नहीं मिलता है तो 31वें दिन उन्हें स्वतः लाइसेंस मिल जाएगा। झारखंड और बिहार का बंटवारा होने के बाद बिहार को काफी संघर्ष करना पड़ा लेकिन अब बिहार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ चुका है। 2024-25 में जब मैं वित्त मंत्री के रूप में बिहार का बजट पेश कर रहा था उसके एक घंटा के पहले झारखंड राज्य में 1 लाख 39 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया जबकि बिहार ने 3 लाख 17 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया। यह बदला हुआ बिहार है। सभी क्षेत्रों में कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक राज्य के 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। सीवान शहर को व्यवस्थित शहर बनाना है। यहां इको टूरिज्म को विकसित किया जाएगा। बिहार में सुशासन स्थापित है। अपराधी किसी जाति या धर्म के हों, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। या तो अपराधी

बिहार छोड़ेंगे या उन्हें दुनिया छोड़ना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीवान में चीनी मिल खोला जाएगा, इसके लिए जमीन चिह्नित करने के लिए जिलाधिकारी को कहा गया है। प्रखंड और पंचायत स्तर पर दूध, सब्जी, मत्स्य पालन को बढ़ावा देना है। इन सब चीजों को हाट बाजार का कॉन्सेप्ट बनाकर एक जगह पर

बेचना है ताकि किसानों को इसका लाभ मिल सके। बिहार के विकास के लिए तेजी से कार्य करना है। मैंने अपने 60 दिन के कार्यकाल में कई निर्णय लिए हैं। कुछ लोग पूछते हैं कि इतनी जल्दी में क्यों हैं, मैं उनसे कहता हूं कि बिहार को समृद्ध बनाने के लिए न हमको सोना है और न किसी को सोने देना है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के सपने तथा पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय नीतीश कुमार जी के समृद्ध बिहार बनाने के सपने को पूरा करना है।

कार्यक्रम को सांसद श्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, पूर्व मंत्री सह विधायक श्री मंगल पांडेय, विधायक श्री इंद्रदेव सिंह पटेल तथा पूर्व विधायक श्री रमेश सिंह कुशवाहा ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती विजयलक्ष्मी देवी, विधान पार्षद डॉ० वीरेंद्र नारायण यादव, विधायक श्री हेमनारायण साह, विधायक श्री देवेशकांत सिंह, विधायक श्री भीष्म प्रताप सिंह, विधायक श्री विष्णुदेव पासवान, विधायक श्री कर्णजीत सिंह उर्फ श्री व्यास सिंह, पूर्व सांसद श्रीमती कविता सिंह, पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव, पूर्व विधान पार्षद श्री मनोज कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, सारण प्रमंडल के आयुक्त श्री मनीष कुमार, सारण प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री नीलेश कुमार, सीवान के जिलाधिकारी श्री विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक श्री पूरण कुमार झा सहित अन्य वरीय अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में आमलोग उपस्थित थे।

Join us on:

और पढ़ें